Advertisement

श्रीकृष्ण और सुदामा की कथा: सच्ची मित्रता | Krishna and Sudama Story


श्रीकृष्ण–सुदामा की कथा

निष्काम मित्रता, करुणा और ईश्वर कृपा की अमर गाथा

सनातन परंपरा में यदि सच्ची मित्रता का सबसे उज्ज्वल उदाहरण खोजा जाए, तो वह श्रीकृष्ण और सुदामा की कथा है। यह कथा केवल दो मित्रों की नहीं, बल्कि उस भाव की है जहाँ प्रेम, विनम्रता और करुणा किसी भी वैभव से बड़े हो जाते हैं।

सुदामा का जीवन – गरीबी में भी संतोष

सुदामा, भगवान श्रीकृष्ण के बालसखा, एक निर्धन ब्राह्मण थे। उनका जीवन अभावों से भरा था, किंतु मन में कभी भी असंतोष या ईर्ष्या नहीं आई। वे संदीपनि आश्रम में श्रीकृष्ण के साथ शिक्षा प्राप्त कर चुके थे, और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में सुदामा भी सम्मिलित थे। परंतु शिक्षा पूर्ण होने के बाद जीवन की राहें भिन्न हो गईं।

जहाँ श्रीकृष्ण द्वारका के अधिपति बने, वहीं सुदामा एक साधारण ब्राह्मण के रूप में भिक्षा पर जीवन यापन करने लगे।
उनकी झोपड़ी टूटी-फूटी थी, पहनने को फटे वस्त्र थे, और घर में अन्न का अभाव बना रहता था।

फिर भी सुदामा के चेहरे पर सदैव संतोष की मुस्कान रहती थी। वे मानते थे

जो मिला है, वही ईश्वर की कृपा है।

उनकी गरीबी उन्हें दुखी नहीं करती थी, क्योंकि उनका हृदय भक्ति, ज्ञान और आत्मसम्मान से भरा था। 

पत्नी का आग्रह – “अपने मित्र श्रीकृष्ण से मिल आइए”

सुदामा की पत्नी सुशीला , जो स्वयं भी अत्यंत सरल और धर्मपरायण थीं, पति के कष्टों को चुपचाप सहती थीं।
एक दिन जब घर में कई दिनों से अन्न का दाना नहीं था और बच्चे भूख से व्याकुल थे, तब पत्नी ने साहस कर कहा

स्वामी, आप द्वारकाधीश श्रीकृष्ण के बालसखा हैं। यदि आप उनसे मिल आएँ, तो वे आपकी सहायता अवश्य करेंगे।

सुदामा सुदामा को यह बात अप्रिय लगी। वे बोले..

मैं मित्रता का उपयोग अपने लाभ के लिए कैसे कर सकता हूँ? श्रीकृष्ण से मिलने जाऊँगा, पर याचना करने नहीं।

पत्नी ने विनम्रता से उत्तर दिया..

मैं धन नहीं माँगती, मैं केवल आपके मित्र से आपके मिलने की कामना करती हूँ।

भेंट की पोटली – प्रेम का चिवड़ा

जब सुदामा श्रीकृष्ण से मिलने निकले, तो उन्होंने सोचा कि मित्र से मिलने जा रहा हूँ, कुछ तो उपहार ले जाना चाहिए—आख़िर इतने वर्षों बाद मिल रहा हूँ।

पर घर में कुछ भी नहीं था। तब उनकी पत्नी ने पड़ोस से पोहे (चिवड़े) मँग उन्हें एक कपड़े की पोटली में बाँधकर सुदामा को दिए।

उसे लेकर सुदामा अपने मित्र से मिलने चल पड़े कुछ संकोच में और कुछ भक्ति भाव में।

द्वारका में श्रीकृष्ण का स्वागत

जैसे ही सुदामा द्वारका के द्वार पर पहुँचे, वहाँ का वैभव देखकर वे संकोच से भर गए।

उन्होंने द्वारपाल से पूछा कि मैं द्वारकाधीश से मिलने आया हूँ, उनका मित्र हूँ।
पर द्वारपालों ने उनकी स्थिति देखकर उन्हें भगवान से मिलने की अनुमति नहीं दी।
तब सुदामा ने वापस लौट जाने का निर्णय लिया—इस परिहासपूर्ण स्थिति में मैं क्या करूँ?
तभी उन्हें अपनी पत्नी की कही हुई बात याद आई और फिर उन्होंने द्वारपालों से अनुरोध किया—

मुझे द्वारकाधीश से मिलने दो, या कम से कम उन्हें यह संदेश पहुँचा दो कि उनका बालसखा सुदामा आया है, तब द्वारपालों ने यह संदेश भगवान तक पहुँचा दिया।

जैसे ही श्रीकृष्ण को अपने मित्र के आने का समाचार मिला, वे खुशी से झूम उठे और नंगे पाँव अपने मित्र सिंहासन छोड़कर दौड़ पड़े महल में सभी लोग यह देखकर चकित हो गए कि आखिर कौन आ गया है, जिसके लिए स्वयं द्वारकाधीश दौड़ पड़े हैं।

जैसे ही उन्होंने सुदामा को देखा, उनकी आँखें भर आईं और सुदामा भी रो पड़े। यह मनोहर दृश्य मानो सारी सृष्टि थम गई हो मित्र का मित्र के प्रति प्रेम किसी सीमा को नहीं देखता।

श्रीकृष्ण ने सुदामा को गले लगाया, उनके चचरण पखारे और अपने सिंहासन पर बैठाया। सभा में उपस्थित रानियाँ और दरबारी यह दृश्य देखकर आश्चर्यचकित रह गए।

यह दृश्य सिद्ध करता है कि ईश्वर के लिए भक्त का हृदय ही सबसे बड़ा राजमहल है।

चिवड़े की पोटली और ईश्वर की कृपा

श्रीकृष्ण ने सुदामा से पूछा—लाओ, मेरे लिए क्या लाए हो? और भाभी कैसी हैं? इतने दिनों तक मुझसे मिलने क्यों नहीं आए?

इसके बाद उन्होंने सुदामा से बचपन की ढेर सारी बातें कीं और रानियों को अपने बालसखा तथा अपनी बाल लीलाओं के बारे में बताते हुए हँसने लगे, मानो वे फिर से अपने बचपन में पहुँच गए हों। तब सुदामा ने संकोच करते हुए अपने कपड़े की पोटली उन्हें थमा दी। श्रीकृष्ण ने पोटली खोलकर प्रेम से चिवड़े खाए। उसी क्षण सुदामा का भाग्य बदल चुका था। सुदामा ने कुछ भी नहीं माँगा। वे केवल मित्र से मिलकर लौट आए।

घर वापसी और चमत्कार

सुदामा बिना कुछ माँगे द्वारका से लौट आए। उनके मन में केवल यही संतोष था “मित्र से मिल लिया, जीवन सफल हुआ।”  जब सुदामा अपने गाँव पहुँचे, तो वहाँ झोपड़ी के स्थान पर भव्य महल था। उनकी पत्नी रत्नजटित वस्त्रों में थीं। तब सुदामा समझ गए कि यह सब उनके मित्र श्रीकृष्ण की करुणा है।

कथा से मिलने वाला संदेश

  • ईश्वर भाव के भूखे होते हैं, भोग के नहीं
  • सच्ची मित्रता स्वार्थ से परे होती है
  • विनम्रता सबसे बड़ा धन है
  • बिना माँगे भी ईश्वर सब कुछ दे देते हैं

🤔 एक प्रश्न आपके लिए

आपका जीवन का सुदामा या श्रीकृष्ण कौन है?
जिस मित्र ने बिना माँगे आपका साथ दिया हो — कमेंट में उसका नाम अवश्य लिखिए।

जय श्रीकृष्ण 🙏

Post a Comment

0 Comments